ग्रामीण ओलम्पिक खेल

Social Share

प्रभारी मंत्री मालविया ने किया मुख्य समारोह में शुभारंभ

माकड़वाली एवं लोहागल में हुआ कब्बडी का उद्घाटन मैच

कैचर रहे रीडर पर हावी

अजमेर, 29 अगस्त। ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के अन्तर्गत सोमवार को प्रभारी मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालविया ने जिल में ग्राम पंचायत स्तरीय खेलों का माकड़वाली ग्राम पंचायत के मुख्य समारोह में शुभारम्भ किया। पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ एवं मसूदा विधायक राकेश पारीक ने भी समारोह में शिरकत की। उद्घाटन मैच माकडवाली एवं लोहागल के मध्य हुआ। इसमें कैचर रीडर पर हावी रहे।

     प्रभारी मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना से ग्रामीणों में खेलों के प्रति निकटता आएगी। उनमें स्थानीय एवं परम्परागत खेलों में रूची जाग्रत होगी। खेलों का यह आयोजन भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। नई पीढ़ी खेलों से जुड़कर अपना सर्वांगीण विकास कर सकेगी। इससे निकले युवा भविष्य में देश का नेतृत्व करेंगे और समाज को नई दिशा प्रदान करेंगे। खेलों से व्यक्तियों को प्रेरणा मिलेगी।

     उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा बजट घोषणाओं के माध्यम से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का कार्य हाथ में लिया गया है। आमजन को सुविधायुक्त जीवन उपलब्ध कराने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से राज्य के प्रत्येक नागरिक का 10 लाख का बीमा अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा का विषय है।  इसी प्रकार अन्य फ्लैगशिप योजनाएं भी गरीब एवं वंचित वर्ग को संबल प्रदान कर रही है।

     राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल ऎतिहासिक कदम है। इससे ग्रामीण विद्याथ्रियों को खेलों में रूचि जाग्रत होगी। ग्रामीण प्रतिभाएं भी खेलों में नाम रोशन करेगी। होनहार खिलाड़ियों को सरकार नौकरी एवं पुरस्कार देने के लिए तत्पर है। खेलों को खेल की भावना से खेलने से प्रेम बढ़ता है। पुरानी पेंशन योजना की बहाली सरकार के जनकल्याणकारी स्वरूप को प्रदर्शित करती है।

     मसूदा विधायक राकेश पारिक ने कहा कि एक गांव-चार काम का नारा आज साक्षात फलीभूत हो रहा है। इन खेलों के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल के मैदान का निर्माण हुआ है। ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन कर मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने 30 लाख से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने का अनुकरणीय कार्य किया है।

     संभागीय आयुक्त बी.एल. मेहरा ने कहा कि पूरे संभाग की ग्राम पंचायतो पर ग्रामीण ओलम्पिक खेल आरंभ हुए हैं। इनमें सभी को बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इससे खेल भावना जाग्रत होगी। परंपरागत खेलों में न्यूनतम आर्थिक संसाधनाें की आवश्यकता होती है। इस कारण व्यक्ति इन्हें कहीं भी खेल सकता है। खेल हमें भेदभाव से ऊपर उठकर जनभागिदारी निभाने की सीख देते हैं।

      महेन्द्र सिंह रलावता ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ग्रामीण खेलों का आयोजन कर प्रतिभाओं को सम्मान दिया है। विद्यार्थियों के लिए खेल सुविधाएं बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। पीईओ श्रीमती वीना हेड़ा ने कहा कि इन खेलों के आयोजन से ग्रामीण बच्चों छिपी खेल प्रतिभाएं बाहर आएगी।

     जिला कलक्टर अंश दीप ने बताया कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल जिले की 324 ग्राम पंचायतों में आरंभ हुए। सरकार द्वारा खिलाडियों का पंजीयन करवाया गया था। निर्धारित समय सीमा में­ जिले के 71 हजार 656 व्यक्तियों ने पंजीयन कराया। इनमे से 50 हजार 498 पुरुष एवं 21 हजार 158 महिला वर्ग के हैं। सरकार द्वारा आयोजन म­ें 6 खेलों कबड्डी, शूटिंग वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट, हॉकी एवं खो-खो को शामिल किया गया है। इसके अनुसार जिले में 5 हजार 491 टीमों का गठन किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर 2 हजार 672 कबड्डी, 236 शूटिंग वॉलीबॉल, 982 टेनिस बॉल क्रिकेट, 686 वॉलीबॉल, 145 हॉकी एवं 770 खो-खो की टीमें  तैयार की गई है। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में­ एक हजार 665 टीमें­ खेलेगी।

     उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इसमें बैंड, स्काउट गाईड एवं खिलाड़ियों के द्वारा मार्च पास्ट करने के उपरान्त खेल कूद के नियमों का पालन करने के लिए शपथ दिलाई गई। प्रतियोगिता आरंभ करने की घोषणा प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालविया ने की। कार्यक्रम में थीम सोंग चालो रे साथिड़ां सारा मिलके खेलो पर नृत्य एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माकड़वाली की छात्राओं ने आत्म रक्षा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच लोहागल एवं माकड़वाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के मध्य रहा।

    इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख रामस्वरूप चौधरी, स्थानीय सरपंच पुजा गुर्जर, पार्षद नौरत गुर्जर एवं हेमंत जोधा, पुलिस अधीक्ष चुनाराम जाट, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमंतस्वरूप माथुर, उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह, विकास अधिकारी विजय सिंह, शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक भागचंद मंडरावलिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनुज पिंगोलिया सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *