रूपनगढ़ 08 अक्टूबर। ग्राम पंचायत जाजोता के भैरवाई ग्राम में 17 काश्तकारों की संयुक्त खातेदारी भूमि थी। इसका बंटवारा करने के लिए प्रयास किए गए। ये 17 खातेदार तीसरी पीढी के थे। इन सबकों एक स्थान पर एकत्र करना बड़ा भारी काम था। संयुक्त खातेदारों की संख्या अधिक होने से आपसी विवाद भी बढ़ गए थे। इनके खातेदारी हक अलग अलग नहीं होने के कारण कई योजनाओं का लाभ नही मिल रहा था। प्रशासन गांव के संग अभियान के अन्तर्गत लगाए गए शिविर पूर्व तैयारी कैम्पों में ग्रामीणों ने बंटवारा करने के लिए समस्त खातेदारों से समझाईश की। इसके परिणाम में मुख्य खातेदार के पांच पुत्रों के परिवारों से सम्पर्क किया गया। पांचों भाईयों के 17 उत्तराधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहने के लिए मनाया गया।
जाजोता के प्रशासन गांव के संग अभियान में शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी भंवरलाल जनागल ने खातेदारों की संख्या को देखते हुए स्थानीय तहसीलदार एवं राजस्व कार्मिकों को सबसे पहले इस प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए। समस्त 17 खातेदारों के दस्तावेज पूर्व में ही तैयार कर लिए गए थे। इस कारण ज्यादा समय नहीं लगा। इनके बंटवारा प्रस्ताव तैयार किया गया। तत्काल प्रभाव से प्रत्येक खातेदार की तस्दीक करके उनके हस्ताक्षर लिए गए। उनके हिस्से में आने वाली भूमि के बारे में जानकारी दी गई। समस्त खातेदार बंटवारा होने पर अपनी खुशी जाहीर कर रहे थे।