राजस्थान में उत्तरी हवाओं के चलते सर्दी का असर जारी है। सोमवार को राज्य के नौ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। सबसे ठंडी रात फतेहपुर कस्बे में बीती, जहां तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
अन्य शहरों में भी सर्दी का प्रभाव देखा गया। नागौर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस, दौसा में 8.7 डिग्री सेल्सियस, करौली में 9.7 डिग्री सेल्सियस, और चूरू में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अलवर, पिलानी और अजमेर में भी तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
जयपुर में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 11.4 डिग्री सेल्सियस, और भीलवाड़ा में 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय, सिरोही में तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि तापमान में 1 से 2 डिग्री तक का उतार-चढ़ाव हो सकता है।
Tags: राजस्थान, सर्दी, मौसम, तापमान, शीतलहर, मौसम विशेषज्ञ

