प्रशासन गांव के संग शिविर में करेगा सहयोग
अजमेर, 8 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान में अब जवाजा सरपंच संघ सरकार का पूर्ण सहयोग करेगा। जवाजा सरपंच संघ ने शुक्रवार को जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गौरव सैनी से मुलाकात करने के पश्चात अभियान के बहिष्कार वापस लेने का निर्णय लिया।
अजमेर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष हरीराम बाना तथा जवाजा सरपंच संघ अध्यक्ष पदम सिंह सुहावा के नेतृत्व मे जवाजा क्षेत्र के सरपंचो के शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर प्रकाश राज पुरोहित तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गौरव सैनी से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने बताया की ब्यावर उपखण्ड की 17 ग्राम पंचायतों में आबादी भूमि आवटंन तथा ग्राम पंचायतों में खेल मैदान व शमशान, कब्रिस्तान भूमि के आवंटन के साथ-साथ ग्राम विकास को लेकर आ रही समस्याओं को सरपंचो ने रखा। शिष्टमण्डल ने आरक्षित तथा आवंटित भूमि के आदेश को भी स्पष्ट करने के लिए चर्चा की।
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने शमशान व कब्रिस्तान की भूमि आवटंन तथा खेल मैदान की भूमि आवटंन के निर्देश दिए। साथ ही अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। सरपंच संघ के प्रतिनिधियों में आम सहमति बनने पर सरपंचो ने प्रशासन गांवों के संग अभियान के शिवरों का बहिष्कार वापस लेते हुए अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की घोषणा की। सरपंचो ने कहा की वह अधिक से अधिक पट्टे जारी कर ग्रामीणो को लाभान्वित करेंगे।
शिष्टमंडल में सरपंच संघ संरक्षक विजय कुमार पाराशर, सरपंच बलाङ जसवंत बाना, सरमालिया गोवर्धन सिंह, फतेहगढ सल्ला शहाबुद्दीन, लसाङिया पप्पू काठात उपस्थित रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस 11 अक्टूबर को
अजमेर, 08 अक्टूबर। स्वाधीनता के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में आगामी 11 अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर कैलाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का कार्यक्रम सोमवार 11 अक्टूबर को मनाया जाएगा। बालिका के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के संबंध में 5 वर्ष से कम उम्र की बालिका का कन्या पूजन किया जाएगा। कन्या जन्म पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा। आमजन को बालिकाओं की वित्तीय स्थिरता के बारे में जागरूक किया जाएगा।