केईएम में 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का औपचारिक शुभारम्भ

Social Share

7 सितम्बर से अजमेरवासी होंगे अजीम अजमेर से रूबरू

अजमेर, 2 सितम्बर। अजमेर स्मार्ट सिटी के माध्यम से निर्मित 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का गुरूवार को औपचारिक शुभारम्भ हुआ। आमजन के लिए आगामी 7 सितम्बर से यह शो उपलब्ध रहेगा।

     केईएम में निर्मित 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो के औपचारिक शुभारम्भ के अवसर पर राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष भूपेन्द्र यादव ने इस बेहतरीन शो के लिए स्मार्ट सिटी की टीम को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह शो आगुन्तकों को अजमेर के इतिहास से लेकर वर्तमान होते हुए भविष्य तक की सैर कराने में सक्षम है। इसके माध्यम से दर्शकों को नई प्रेरणा मिलेगी।

     नगर निगम की महापौर ब्रजलता हाडा ने कहा कि केईएम में नियमित 3 डी मैपिंग शो होने से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। दैनिक नवज्योति के प्रधान संपादक दीनबंधु चौधरी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से अजमेर का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। इस कार्य में प्रत्येक व्यक्ति को अपना सहयोग देना चाहिए। मैपिंग शो में अजमेर के अनछुए पहलुओं को उजागर करने का प्रयास किया गया है। यह एक सराहनीय कदम है।

     पुलिस महानिरीक्षक एस.सेंगाथिर ने कहा कि मैपिंग शो में दर्शकों को बांधने की क्षमता है। इसके समय को और बढाने की आवश्यकता है। नगर निगम के उप महापौर नीरज जैन ने कहा कि यह 3 डी शो आगुन्तकों के लिए सूचनापरक होगा। पर्यटक एक ही स्थान पर पूरे अजमेर का वर्चुअली भ्रमण कर सकेंगे। इस अवसर पर राजस्थान लोक सेवा आयोग की सचिव डॉ. शुभम चौधरी, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गौरव सैनी, पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र शर्मा, अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव किशोर कुमार, उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह, दैनिक भास्कर के यूनिट हैड श्री प्रशांत कुकरेती सहित गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित थे।

     स्मार्ट सिटी परियोजना के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम के आयुक्त डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि लेकफ्रंट बर्ड पार्क, अरबन हाट फूड कोर्ट, सूचना केंद्र में ओपन एयर थियेटर, आनासागर चौपाटी पर म्यूजिकल फाउंटेन के बाद अब शहरवासियों को स्मार्ट सिटी लिमिटेड की और से एक बार फिर से सौगात मिलने जा रही है। स्टेशन रोड स्थित किंग एडवर्ड मेमोरियल ( केईएम ) में आमजन 7 सितंबर से प्रतिदिन 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो से रूबरू हो सकेंगे। इस शो का गुरूवार को औपचारिक शुभारम्भ किया गया। केईएम सोसायटी द्वारा इस शो का संचालन किया जाएगा। इसके लिए सोसायटी की ओर से निविदा जारी कर दी गई है। सोसायटी द्वारा टिकट दर निर्धारित करने तक निःशुल्क प्रदर्शन किया जाएगा। यहां आने वाले दर्शकों के लिए खान-पान की स्टॉल की सुविधा भी रहेगी।

     उन्होंने बताया कि केईएम में गुरूवार को प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागारिकों की मौजूदगी में 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का फाइनल ट्रायल के पश्चात औपचारिक शुभारम्भ किया गया। 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से अजमेर के इतिहास, कला एवं संस्कृति से रूबरू कराया गया है। शो के औपचारिक शुभारम्भ के समय गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दिए गए सुझावों को भी शो में शामिल किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शो को आयोजित करने के लिए प्रोजेक्टर, स्पीकर, 3-डी लेजर लाइट इत्यादि उपकरणों का इंस्टॉलेशन किया गया है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर शो चालू रखने के लिए इन्वटर आदि भी लगाए गए हैं। अजमेर में शुरू किए गए 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग राजस्थान में अपनी अलग पहचान बनाने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में लाइट एंड साउंड शो, लेजर शो इत्यादि ही संचालित किए जा रहे हैं। अब अजमेर के बाद मचकुण्ड धौलपुर एवं कुम्भलगढ़ किले में भी इसी प्रकार के 3 डी शो चालू होने जा रहे हैं।

हरीश भिमानी के स्वर में है वर्णन

     3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो में वाचन स्वर महाभारत सीरियल के मैं समय हूँ की धीर गंभीर वाणी वाले हरीश भिमानी द्वारा दिया गया है। इससे शो के प्रति विशेष आर्कषण रहेगा। दर्शक पूरे समय अपने आप को अजमेर में खोया हुआ पाएंगे। उनके स्वर में मैं ही अजमेर हूँ, कल भी अजीम था, आज भी अजीम हूँ का वाचन दर्शकों को मंत्रमुग्ध करके अजमेर में ही खो जाने के लिए मजबूर करता है।

शो में यह रहेंगी व्यवस्थाएं

     3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो के संचालन के लिए केईएम सोसायटी द्वारा निविदा जारी कर दी गई है। फर्म को शर्तों के अनुसार व्यवस्था करनी होंगी। प्रमुख रूप से आयोजन स्थल पर साफ-सफाई के साथ आठ मोबाइल वेण्डर्स भी लगाने होंगे। शो के दौरान यहां आने वाले दर्शक अपनी पसंद की खान-पान की चीजों को लुत्फ उठा सकेंगे। शो में आने वाले लोगों के पाकिर्ंग की भी सुविधा प्रदान की जाएगी।

सर्दी एवं गर्मी में रहेगा अलग-अलग समय

     3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का सर्दी एवं गर्मी में अलग-अलग समय तय किया गया है। ग्रीष्मकाल में सायं 8 से 8.25 बजे और शीतकाल में 7.30 से 7.55 बजे का समय रहेगा।

25 मिनट में होंगे अजमेर से रूबरू

     अत्याधुनिक तकनीक से 3.22 करोड़ रूपए की लागत के साउंड एंड लाइट शो 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो को तैयार किया गया है। यह एक इमारत या संरचना को सतह के रूप में बदल देने की तकनीक पर आधारित है। जबकि यह पूरी तरह से सिर्फ प्रकाश होता है। इसमें इमारत की संरचना तथा मूल स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया जाता है। निर्धारित संरचना पर शो की थीम के साथ चमकदार छवियों के बीच संबंधित इमारत, व्यक्ति या स्थलों को प्रकाश द्वारा आकर्षक तरीके से दर्शाया जाता है। चित्रों के साथ ऑडियो द्वारा उसका पूरा विवरण सुनाई देता है। अजमेर के 1113 ईस्वी से आरम्भ इतिहास से वर्तमान तक अजमेर की विशेषताएं एवं भविष्य के सपने दर्शाते हुए शो तैयार किया गया है। शहरवासियों के साथ यहां पर आने वाले पर्यटक 25 मिनट में अजमेर के इतिहास से रूबरू होंगे।

अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में होगा शो

     मैसर्स सीएस डायरेक्ट नई दिल्ली द्वारा नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एवं लाइब्रेरी नई दिल्ली के म्यूजियम एंड प्राइम मिनिस्टर नाम से इसी प्रकार के शो आयोजित किए जा रहे हैं। 3 – डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो में अजमेर का इतिहास, वर्तमान एवं भविष्य की परिकल्पनाओं का चित्रण किया गया है। यह शो हिन्दी और अंग्रेजी भाषाओं में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *